मेरठ: मेरठ से एक बेहद दर्दनाक और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करने वाली खबर सामने आ रही है। मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोल इलाके में सोमवार देर रात एक ग्यारह साल की मासूम बच्ची को जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजनों का सब्र का बांध टूट गया। इसके बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय निवासियों ने वन विभाग की घोर लापरवाही के खिलाफ जिला अस्पताल परिसर में ही जोरदार हंगामा शुरू कर दिया और जिला प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार का गंभीर आरोप है कि यह पूरी बस्ती एक तालाब के किनारे बसी हुई है, जहां बेहद जहरीले सांपों का बसेरा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई बार ये जहरीले सांप इलाके के मासूम बच्चों और स्थानीय लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।
इस गंभीर खतरे को लेकर स्थानीय निवासियों द्वारा कई बार वन विभाग को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन विभाग के कुंभकर्णी नींद में सोए अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि अगर वन विभाग ने समय रहते उनकी शिकायतों पर संज्ञान लेकर सांपों को पकड़ने की कार्रवाई की होती, तो आज इस ग्यारह साल की मासूम बच्ची की जान बच सकती थी।


