मेरठ के शिव चौक पर अज्ञात शव मिलने से हड़कंप, ई-रिक्शा में छोड़कर भागा चालक
BREAKING मेरठ

मेरठ के शिव चौक पर अज्ञात शव मिलने से हड़कंप, ई-रिक्शा में छोड़कर भागा चालक

Spread the love

मेरठ: मेरठ में थाना दिल्ली गेट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्त शिव चौक पर आज एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे यूपी 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से दिल्ली गेट पुलिस को यह सूचना दी गई कि शिव चौक पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक अज्ञात ई-रिक्शा चालक इस व्यक्ति को बेहद गंभीर और बेहोशी की हालत में रिक्शे से उतारकर मौके पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया। रिक्शा चालक के इस तरह अचानक भाग जाने और व्यक्ति की संदिग्ध हालत को देखकर आसपास के दुकानदारों ने तुरंत मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली गेट थाना पुलिस भारी बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। मामले में किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक वारदात की आशंका को देखते हुए जिला फोरेंसिक टीम को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य और सबूत जुटाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में बेहोश व्यक्ति को इलाज के लिए प्यारेलाल जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। हालांकि, वहां तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के आला अधिकारी इस बात की सघन जांच में जुटे हैं कि आखिर वह ई-रिक्शा चालक कौन था और वह इस व्यक्ति को किस हालत में और कहां से लेकर आया था। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। कैमरे के पीछे राहुल के साथ, मैं अमित, मेरठ।