मेरठ में पालतू कुत्ते की मौत के बाद मालिक ने इंसानों की तरह की तेरहवीं
BREAKING मेरठ

मेरठ में पालतू कुत्ते की मौत के बाद मालिक ने इंसानों की तरह की तेरहवीं

Spread the love

मेरठ: मेरठ में पालतू कुत्ते टफ्फू की मौत से परिवार इतना दुखी हुआ कि, तीन दिन तक घर में खाना नहीं बना। रविवार को परिवार ने टफ्फू की इंसानों की तरह तेरहवीं की। सुबह हवन के बाद रिश्तेदारों और पड़ोसियों को प्रसाद बांटा गया। करीब 12 साल से परिवार का हिस्सा रहे टफ्फू को शुक्रवार, 11 सितंबर को तबीयत बिगड़ने पर खो दिया था।

बेटी ने रखा था नाम, 12 साल से राखी बांधती थी
रायबरेली निवासी सुनील यादव पिछले 16 साल से मेरठ में रह रहे हैं। वह डीएन इंटर कॉलेज में माली हैं। परिवार में पत्नी सुनीता, 18 साल की बेटी वर्षा और 17 साल का बेटा शिवम है। करीब 12 साल पहले इसी कॉलेज में एक देसी नस्ल की डॉग ने टफ्फू को जन्म दिया था। सुनील उसे अपने साथ घर ले आए। धीरे-धीरे टफ्फू परिवार का हिस्सा बन गया। वह घर के हर सदस्य की आवाज पहचानता था। कौन अपना है और कौन बाहर का, यह भी समझता था। सुनील ने बताया कि उनकी बेटी वर्षा ने ही डॉग का नाम टफ्फू रखा था। वर्षा उसे अपना भाई मानती थी और पिछले 12 साल से हर रक्षाबंधन पर उसे राखी बांधती थी। इस बार भी उसने टफ्फू को राखी बांधी थी।

परिवार में किसी का जन्मदिन या त्योहार होता तो टफ्फू भी उस खुशी का हिस्सा बनता था। वर्षा का कहना है कि उसका एक भाई शिवम है और दूसरा टफ्फू था। शिवम के लिए भी टफ्फू बचपन का साथी था। 12 साल के दौरान दोनों ने साथ काफी समय बिताया। परिवार के किसी सदस्य के आने-जाने पर टफ्फू अपनी प्रतिक्रिया देता था और सभी को पहचानता था।