मेरठ: जनपद मेरठ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। ब्लॉक प्रमुख कपिल मुखिया ने BJP की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे में उन्होंने पार्टी और सरकार पर किसानों, व्यापारियों, मजदूरों, युवाओं, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। कपिल मुखिया ने कहा कि पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि किसानों की जमीन कम सर्किल रेट पर अधिग्रहित की जा रही है। उन्होंने किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने और खाद समेत कृषि सामग्री महंगी होने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने मेरठ के सेंट्रल मार्केट ध्वस्तीकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष सही तरीके से नहीं रख पाने का खामियाजा व्यापारियों और शास्त्री नगर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इस्तीफे में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि BJP में मेहनती और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने प्रशासन पर भी निरंकुश होने का आरोप लगाया है।


