मेरठ में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे भूरा का तांडव: घर में घुसकर हाजी सिराज पर तानी पिस्टल, पत्नी अस्पताल में भर्ती
BREAKING crime मेरठ

मेरठ में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे भूरा का तांडव: घर में घुसकर हाजी सिराज पर तानी पिस्टल, पत्नी अस्पताल में भर्ती

Spread the love

मेरठ: मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चर्चित मीट कारोबारी और बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे भूरा ने अपने साथियों के साथ सराय बहलीम निवासी हाजी सिराज के घर पर हथियारों से लैस होकर धावा बोल दिया। पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, आरोपी भूरा ने घर में घुसकर हाजी सिराज की कनपटी पर पिस्टल तान दी, जिससे पूरे घर में कोहराम मच गया।

इस खौफनाक मंजर को देखकर हाजी सिराज की पत्नी की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना का एक सनसनीखेज सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें भूरा और उसके गुर्गे हाथों में सरेआम हथियार लहराते हुए पीड़ित के घर की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने इस फुटेज को पुलिस को सौंपकर अपनी जान का खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद कोतवाली पुलिस सीसीटीवी के आधार पर दबंगों की तलाश में जुट गई है।