मेरठ में सरकारी बस अड्डे पर सरेआम बार बाला का डांस, रोडवेज ड्राइवर की रिटायरमेंट पार्टी में उड़े नोट
मेरठ: मेरठ के सोहराब गेट सरकारी बस स्टैंड परिसर को कुछ कर्मचारियों ने मनोरंजन का अखाड़ा बना दिया। मामला यूपी रोडवेज के एक ड्राइवर पदम सिंह की रिटायरमेंट पार्टी से जुड़ा है। यूनियन के बैनर तले आयोजित इस विदाई समारोह को यादगार बनाने के लिए सरकारी नियमों को ताक पर रख दिया गया और बस स्टैंड के भीतर ही एक महिला डांसर को बुला लिया गया।
दोपहर के वक्त जब पूरा बस अड्डा यात्रियों की भारी भीड़ से खचाखच भरा हुआ था, तभी लाउडस्पीकर पर तेज आवाज में फिल्मी और अश्लील गाने बजने लगे। महिला डांसर ने मंच पर ठुमके लगाना शुरू किया तो वहां मौजूद रोडवेज के कर्मचारी और ड्राइवर के साथ आए लोग मर्यादा भूल गए। देखते ही देखते कर्मचारियों ने डांसर के साथ न सिर्फ डांस करना शुरू कर दिया, बल्कि उन पर जमकर नोटों की बारिश भी की गई। इस दौरान परिसर में भारी हूटिंग और शोर-शराबा होता रहा।इस पूरे तमाशे के बीच बस स्टैंड पर मौजूद आम यात्रियों, महिलाओं और बच्चों को भारी असहजता का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि बस अड्डा एक सार्वजनिक स्थल है, जहां लोग अपने परिवारों के साथ सफर के लिए आते हैं, लेकिन यहां सरेआम अश्लीलता परोसी जा रही थी।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद रोडवेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है। हालांकि, मामले के तूल पकड़ने पर रोडवेज एम्पलाइज यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष अमित चौधरी ने सफाई दी है कि संगठन ने सिर्फ विदाई समारोह का आयोजन किया था और डांसर बुलाने का फैसला ड्राइवर के परिजनों का था, जिसे जानकारी मिलते ही रुकवा दिया गया था। लेकिन सार्वजनिक और सरकारी परिसर में कानून की धज्जियां उड़ाने वाले इस आयोजन ने विभाग की छवि पर बड़ा दाग लगा दिया है।

