मेरठ: मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-शकरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ आपसी विवाद के बाद एक पिता ने अपने ही 3 साल के मासूम बेटे को जहर देकर मार डाला और फिर खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए 28 वर्षीय कपिल की शनिवार तड़के इलाज के दौरान मौत हो गई। इस खौफनाक कदम के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, परीक्षितगढ़ के रेहदरा किला गांव के रहने वाले कपिल की शादी 5 साल पहले काजल से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—3 साल का बेटा लड्डू और 2 साल की बेटी परी। बताया जा रहा है कि 3 जुलाई को काजल अपनी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई थी। समारोह के दौरान कपिल ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था, जिस पर काजल ने उसे टोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा झगड़ा हुआ और कपिल गुस्से में पत्नी को छोड़कर चला गया।
शुक्रवार रात करीब 8 बजे कपिल अचानक बिना बताए दोबारा अपने ससुराल पहुंचा। उसने किसी से बात किए बिना अपने 3 साल के बेटे लड्डू को जबरन उठाया और साथ लेकर चला गया। कुछ ही देर बाद जब मासूम लड्डू वापस लौटा, तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था। बदहवास परिजन बाहर भागे, तो थोड़ी दूर पर कपिल भी अचेत अवस्था में जमीन पर गिरा मिला। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि शनिवार सुबह कपिल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


