मेरठ के सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी की लिफ्ट में आधे घंटे फंसे रहे बच्चे और महिलाएं
मेरठ: मेरठ के मोदीपुरम स्थित सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी सोसाइटी के एफ-1 टॉवर में रहने वाले सैकड़ों परिवारों की जान दांव पर लगी हुई है। इस 14 मंजिला आलीशान टॉवर में कुल 206 फ्लैट हैं, जिनके निवासियों के आने-जाने के लिए केवल दो लिफ्ट लगाई गई हैं। सोसाइटी के निवासियों की मुश्किलें उस समय और गंभीर हो गईं, जब आज दोपहर करीब 3:00 बजे से पूरी सुपरटेक सोसाइटी में बिजली की भारी कटौती शुरू हो गई। बिजली कटने के बाद मेंटेनेंस विभाग ने बीच में अपना जेनरेटर भी बंद कर दिया। जेनरेटर बंद होते ही चालू लिफ्ट अचानक हवा में अटक गई, जिससे उसके भीतर मौजूद पुरुष, महिलाएं और मासूम बच्चे आधे घंटे तक फंसे रहे। लिफ्ट के भीतर न तो कोई इमरजेंसी लाइट जल रही थी और न ही पंखा चल रहा था, जिसके कारण उमस और दम घुटने से अंदर फंसे लोग चीखने-चिल्लाने लगे।
बाद में सोसाइटी के गार्डों और स्थानीय निवासियों ने भारी मशक्कत के बाद जैसे-तैसे लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। निवासियों का आरोप है कि लिफ्ट में एआरडी सिस्टम तक नहीं लगा है, जो बिजली जाने पर लिफ्ट को नजदीकी फ्लोर पर लाकर स्वतः दरवाजा खोल देता है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि मेंटेनेंस कंपनियां शुरुआत में तो एनओसी ले लेती हैं, लेकिन समय बीतने के साथ सुरक्षा और रख-रखाव के इंतजाम बद से बदतर होते जाते हैं। सोसाइटी के पीड़ित परिवारों ने मांग की है कि किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए जिले के विद्युत सुरक्षा ऑडिट दल को तुरंत इस सोसाइटी का स्थलीय निरीक्षण करना चाहिए, ताकि यहां सुरक्षा के सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा सके।


