मेरठ: कंकरखेड़ा में रफ्तार का कहर, नशे में धुत कार चालक ने स्कूटी सवार दो भाइयों को रौंदा
मेरठ: के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में देर रात दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे दो भाइयों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कार में तीन से चार लोग सवार थे और कार में शराब पीने की भी पुष्टि की गई है। यह देर रात तब हुई जब मोहम्मद रिहान और मोहम्मद फैज़ान देर रात दुकान बंद करने के बाद अपनी स्कूटी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार फोर-व्हीलर कार ने उनकी स्कूटी को बेहद बुरी तरीके से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नजदीकी पुलिस चौकी की ‘फैंटम’ बाइक पर सवार पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
पीड़ित का आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में धुत था और उसके साथ गाड़ी में तीन अन्य लोग भी सवार थे, जो मौका देखकर वहां से फरार हो गए। हालांकि पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर को दबोच लिया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की कार के अंदर से शराब की पेटी भी बरामद हुई है, जिससे गाड़ी चलाते समय शराब पीने की पुष्टि हो रही है। पीड़ित पिता मोहम्मद गुलज़ार ने कंकरखेड़ा थाना प्रभारी से आरोपी चालक और उसके फरार साथियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

