मेरठ: मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में कल दिनदहाड़े लापता हुए 7 साल के मासूम बच्चे अंगद की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस पूरी सनसनीखेज वारदात के पीछे जो सच सामने आया है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। बच्चे की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी सगी मां के प्रेमी ने की है। पुलिस हिरासत में आरोपी प्रेमी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्पित शर्मा के रूप में हुई है, जो कि एचडीएफसी बैंक में एरिया मैनेजर के पद पर तैनात है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि अर्पित शर्मा बच्चे की मां से शादी करना चाहता था, और उसे लगता था कि 7 साल का मासूम अंगद उन दोनों के रिश्ते के बीच की सबसे बड़ी दीवार है। इसी खौफनाक सोच के चलते उसने घर की गली के बाहर से बच्चे का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या करके शव को गंगनहर में फेंक दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पूरी चालाकी से बचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्त तफ्तीश के आगे वह टूट गया और उसने मर्डर की बात कबूल कर ली। मासूम अंगद का शव बरामद करने के लिए पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार नहर में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। एक पढ़े-लिखे और जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह के घिनौने और आत्मघाती कदम को उठाने से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और गम का माहौल है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

