शामली में पुलिस का बड़ा एक्शन: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के दो हत्यारे मुठभेड़ में ढेर
BREAKING crime हरियाणा

शामली में पुलिस का बड़ा एक्शन: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के दो हत्यारे मुठभेड़ में ढेर

Spread the love

शामली: शामली पुलिस ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या करने वाले गोगी गैंग के दो शार्प शूटरों को एक भीषण मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। शामली पुलिस और बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ पानीपत-कैराना हाईवे पर होटल राजमहल के पास हुई, जिसमें दोनों शूटर मारे गए। शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब चार बजे मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो शूटर शामली की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सभी थानों की पुलिस टीम को अलर्ट कर हाईवे पर चेकिंग के लिए लगाया गया।

पुलिस टीम को देखकर बदमाश उन्हें चकमा देकर मन्ना माजरा की तरफ भागने लगे। पुलिस ने जब घेराबंदी की, तो होटल राजमहल के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।द्वारा की गई इस दुस्साहसिक फायरिंग में एक गोली पुलिस की गाड़ी के शीशे पर लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों शूटर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल जवानों और दोनों बदमाशों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने दोनों शूटरों को मृत घोषित कर दिया। मृतक शूटरों की पहचान सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित के रूप में हुई है, जो कि हरियाणा के सोनीपत (निवासी राझड़ा) के रहने वाले थे।

आपको बता दें कि हाल ही में प्रसिद्ध हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की दिनदहाड़े गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी कुख्यात गोगी गैंग ने सोशल मीडिया पर ली थी। इस तिहरे हत्याकांड के बाद से ही यूपी और हरियाणा पुलिस इन शूटरों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह समेत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँच गई है। पुलिस ने बदमाशों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामद की है।