छात्र समस्या लेकर सड़क पर आयेंगे तो उपद्रवी कहलायेंगे, ये कैसा न्याय ?-वरुण गांधी
कभी भाजपा के फायर ब्रांड नेता की लिस्ट में शुमार वरूण गांधी इन दिनों पार्टी की सक्रिय राजनीति में हाशिये पर पहुंच गये हैं। संभवत यही कारण है कि अक्सर सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाले उनके बयान सामने आते रहते हैं। अब उन्होंने उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि चार साल से यूपी पुलिस की भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों छात्र ओवर-एज हो चुके हैं।
वरुण गांधी ने कहा, “चार साल से यह युवा इंतजार कर रहे हैं लेकिन, न इन्हें भर्ती मिली है और न ही कोई उम्मीद। युवा सोशल मीडिया पर लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं पर सुनवाई नहीं है। यही छात्र जब सड़क पर आएंगे तब उन पर ‘उपद्रवी’ होने का आरोप लगेगा। क्या यह अन्याय नहीं है ?”
दिलचस्प तथ्य यह भी है कि यदि वरुण गांधी का ट्विटर देखा जाए तो मिलेगा कि वह राज्य या केंद्र सरकार किसी को भी आड़े हाथ लेने से नहीं चूकते हैं। तमाम मुद्दों को लेकर वह अपनी ही सरकार को निशाना बना चुके हैं। चाहे यूपी में बाढ़ के दौरान भी परीक्षा कराने का मामला हो या अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र की दूरी को लेकर हो, हालांकि, इन ट्वीट्स में वह किसी का नाम लेने से जरूर परहेज रख रहे हैं।

