मेरठ के नए कप्तान बने आईपीएस बीबीजीटीएस मूर्ति, विवादों में घिरे अविनाश पांडे का तबादला
BREAKING उत्तर प्रदेश मेरठ

मेरठ के नए कप्तान बने आईपीएस बीबीजीटीएस मूर्ति, विवादों में घिरे अविनाश पांडे का तबादला

Spread the love
मेरठ: उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नौ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत आठ जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं। शासन ने साल 2015 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति को मेरठ जिले का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया है। मूर्ति इससे पहले झांसी के एसएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बेहद संवेदनशील और बड़े जिले मेरठ में कानून-व्यवस्था को पटरी पर रखना अब उनकी सबसे बड़ी चुनौती होगी।
वहीं दूसरी ओर, मेरठ के निवर्तमान एसएसपी अविनाश पांडे को उनके पद से हटा दिया गया है। उन्हें फिलहाल लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय (डीजीपी कार्यालय) से संबद्ध किया गया है। अविनाश पांडे का मेरठ में लगभग पांच महीने का कार्यकाल काफी विवादों और चर्चाओं में रहा। हाल ही में कलेक्ट्रेट प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इसके अलावा पुलिस हिरासत में बर्बरता के आरोपों को लेकर भी वह मानवाधिकार संगठनों और जनता के निशाने पर थे, जिसे उनके तबादले की मुख्य वजह माना जा रहा है।
इस बड़े फेरबदल के तहत शासन ने कई अन्य जिलों की कमान भी नए हाथों में सौंपी है। बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति के मेरठ आने के बाद अब आईपीएस विकास कुमार को झांसी का नया एसएसपी बनाया गया है। इसके अलावा विनीत जयसवाल को सुल्तानपुर, अभिषेक झा को गोंडा, कृष्ण कुमार को बिजनौर, विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल और मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। शासन के इस कदम को राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और अधिक पारदर्शी और सख्त बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।