आप प्रत्याशी ऋचा सिंह ने महापौर पद के लिये भरा पर्चा
नगर निकाय चुनाव में नामांकन प्रकिया आरंभ हो चुकी है। इस कड़ी में आज मेरठ में आम आदमी पार्टी की महापौर प्रत्याशी ऋचा सिंह ने आपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर ऋचा ने कहा कि जीत के बाद मेरठ का विकास भी दिल्ली की तर्ज पर किया जायेगा। दरअसल, आम आदमी पार्टी हाउस टैक्स हाफ और वाटर टैक्स माफ के वादे पर चुनाव मैदान में उतरी है। ऋचा का यह भी कहना है कि वह नेता नहीं बल्कि बतौर सेवक जनता का काम करेंगी।

नामांकन के बाद मीडिया से वार्ता करते हुए ऋचा सिंह ने कहा कि यूपी में शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है। सरकारी स्कूलों का बुरा हाल है। आम आदमी पार्टी का विकास के साथ शिक्षा को बढ़ाना भी एजेंडा है। ऋचा का कहना है कि उनकी पार्टी का लक्ष्य हाउस टैक्स हाफ और वॉटर टैक्स माफ है। चुनाव जीतने के बाद मेरठ का विकास दिल्ली की तर्ज पर करेंगी। स्थानीय निकाय चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भी अपने प्रत्याशी उतारेगी।

बता दें कि ऋचा सिंह मूल रूप से रोहटा क्षेत्र के ग्राम रजापुर की रहने वाली हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी ने महापौर पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। वह पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। उनकी ससुराल पल्लपुरम स्थित फैज-दो में है, जबकि मायका गंगानगर स्थित राधा गार्डन में है। नामांकन के दौरान उनके साथ जूही त्यागी, जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी, अभिषेक शर्मा आदि मौजूद रहे।