रिश्वतखोर दरोगा पर बड़ा एक्शन: मेरठ में 20 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ गंगानगर थाने का दरोगा
BREAKING मेरठ

रिश्वतखोर दरोगा पर बड़ा एक्शन: मेरठ में 20 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ गंगानगर थाने का दरोगा

Spread the love

मेरठ: मेरठ पुलिस महकमे से इस वक्त भ्रष्टाचार की एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आ रही है। जहाँ खाकी को दागदार करने वाले एक मामले में मेरठ की एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निरोधक) टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। गंगानगर थाने में तैनात 1993 बैच के वरिष्ठ दरोगा प्रकाश चंद को 20000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, दरोगा प्रकाश चंद एक मुकदमे की विवेचना कर रहे थे। उन्होंने केस की विवेचना से एक व्यक्ति का नाम बाहर निकालने के एवज में 2 लाख की मोटी रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इस बात की शिकायत सीधे एंटी करप्शन टीम से कर दी। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद विजिलेंस की टीम ने दरोगा को रंगे हाथ दबोचने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता दरोगा प्रकाश चंद को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20000 दे रहा था, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम आरोपी दरोगा को अपने साथ ले गई है।

पुलिस ने आरोपी दरोगा प्रकाश चंद के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के दावों के बीच कानून के रखवालों की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।