मेरठ: मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के बगड़िया मोहल्ले में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर इलाके में खौफ और रौब पैदा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने अपनी जैब में अवैध पिस्टल खोंसकर एक रील बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होते ही इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है, वहीं खुलेआम अवैध हथियार लहराने के इस वीडियो को सीधे तौर पर मेरठ की ब्रह्मपुरी पुलिस को चुनौती देने के रूप में देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान विशाल धानक के रूप में हुई है, जिसने इंस्टाग्राम पर अपना रुतबा और दबंगई दिखाने के लिए इस रील को अपलोड किया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी युवक अक्सर कॉलोनी के लोगों पर रौब गालिब करने और अपनी धाक जमाने के लिए इस तरह के अवैध हथियारों का सहारा लेता है। वीडियो वायरल होने के बाद से ही स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी विशाल धानक की सरगर्मी से तलाश कर रही है और उसके ठिकाने का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियार रखना और उसका इस तरह सरेआम प्रदर्शन करना एक गंभीर कानूनी अपराध है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा और सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


