अखिलेश यादव अब दिल्ली की राजनीति में होंगे सक्रिय, करहल सीट छोड़ी
देश की राजनीति में तीसरी पार्टी बड़ी बनकर उभरी समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी विधानसभा करहल की सीट छोड़ने का ऐलान कर दिया है। इसकी विधिवत घोषणा उन्होंने सांसदों से मीटिंग के बाद लखनऊ में की। मतलब साफ है कि अब अखिलेश यादव दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अन्य प्रदेशों में भी अपना जनाधार तलाश करने जा रहे हैं।
दरअसल,अखिलेश ने 2022 में मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से चुनाव जीता था। इस जीत के बाद उन्होंने आजमगढ़ के सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था। आजमगढ़ में उपचुनाव हुए, उसमें भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जीत दर्ज की थी।
लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद शनिवार को अखिलेश यादव ने लखनऊ में अपने सभी सांसदों को बुलाया था। इस बैठक में अखिलेश समेत 37 सांसद मौजूद रहे। इस मीटिंग में विचार विमर्श करने के बाद ही अखिलेश ने करहल सीट छोड़ने की घोषणा कर दी।
इस मौके पर अखिलेश ने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की रणनीति की जीत होने से देश में नकारात्मक राजनीति खत्म हो गई। अब समाजवादियों की जिम्मेदारी बढ़ गई। जनता की एक-एक बात सुनें, उनके मुद्दों को उठाएं, क्योंकि जनता के मुद्दों की यह जीत हुई है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि हमारे सांसदों ने चुनाव में लगातार मेहनत की। यही वजह रही कि सपा ने सबसे ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की। सरकार और प्रशासन पर तंज करते हुए अखिलेश ने कहा कि हमारे एक सांसद वह हैं, जिन्हें जीत का सर्टिफिकेट मिला। दूसरे वे हैं, जिन्हें भाजपा की धांधली की वजह से सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया। हम दोनों सांसदों को बधाई देते हैं। उम्मीद का दौर शुरू हो चुका है। जनता के मुद्दों की जीत हुई है।
follow us on 👇
फेसबुक –https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर –https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें –https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट –https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/firstbytetv/