मशहूर हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या
BREAKING crime मेरठ आस-पास

मशहूर हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या

Spread the love

न्यूज़ डेस्क: अपने मशहूर गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ से देश भर में पहचान बनाने वाले मशहूर हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी है। यह खूनी वारदात शामली के शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सीबी गुप्ता कॉलोनी के पास अंजाम दी गई, जिससे पूरे इलाके में भारी दहशत और तनाव फैल गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, करीब 32 वर्षीय अंकित बालियान रोजाना की तरह शामली में एक फिटनेस जिम में वर्कआउट करने आए थे। जैसे ही वह शाम करीब 7 बजे जिम से बाहर निकले और सड़क किनारे खड़ी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठने लगे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक धावा बोल दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद करीब से सिंगर पर ताबड़तोड़ करीब 18 से 20 राउंड फायरिंग की। अंकित ने गाड़ी के को-ड्राइवर साइड की तरफ छिपकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने गाड़ी का गेट खोलकर उन्हें निशाना बनाया। उनके सिर और पेट में कई गोलियां लगीं, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े।वारदात को अंजाम देकर सभी हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल अंकित को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ( भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक के परिजनों और समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर शव रखकर करीब 5 घंटे तक चक्का जाम किया। मौके पर पहुंचे एडीजी मेरठ जोन भानू भास्कर और शामली एसपी समेत भारी पुलिस बल ने किसी तरह लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया। शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग से जुड़े संभावित लिंक्स और पुरानी रंजिश के कोणों से पड़ताल की जा रही है।