शाप्रिक्स मॅाल समेत चार जगह स्पा सेंटरों पर पुलिस छापे,अनैतिक कार्य की सूचना
शाप्रिक्स माल समेत मेरठ में कई प्रमुख इलाकों में चल रहे स्पा सेंटरों पर आज शाम एकाएक ही ताबड़तोड़ तरीके से पुलिस ने छापे मारे। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इन स्पा सेंटर पर व्हाट्स अप ग्रुप व अन्य माध्यमों से ग्राहकों को बुलाकर सेवा दी जा रही थी।
दरअसल, पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर में कई स्थानों पर अवैध रूप से स्पा सेंटर चलाए जा रहे हैं। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को इन्हें तलाशने की जिम्मेदारी दी गई। जल्द ही सभी का पता निकाल भी लिया गया। मंगलवार शाम एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह और सिविल लाइन पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक तिवारी ने संयुक्त रूप से इन सेंट्रो पर छापा मार दिया।
पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। दो स्पा सेंटर मंगल पांडे नगर में संचालित मिले हैं। एक स्पा सेंटर गढ़ रोड पर है और चौथा स्पा सेंटर दिल्ली रोड स्थित शाप्रिक्स माल में पकड़ा गया है। किसी भी स्पा सेंटर के पास कोई वैध कागज नहीं है। एक व्यक्ति के द्वारा मसाज पार्लर के नाम से सर्टिफिकेट दिखाया गया है जो पूरी तरह फर्जी प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने चारों स्पा सेंटरों से 20 युवतियों को हिरासत में लिया है। इनमें चार मैनेजर शामिल हैं। यह चारों मैनेजर ही इस पूरे काम को संभाल रहे थे। दिलचस्प बात यह है कि किसी भी जगह से कोई युवक नहीं पकड़ा गया है। अलबत्ता कुछ रजिस्टर भी मिले हैं जिनमें काफी ग्राहकों के नाम भी लिखे हुए हैं।

