प्रसिद्ध आई सर्जन डा.गौरव मिश्रा को बनाया स्कार्पियो सवार युवकों ने निशाना
हूटर लगा कर मेरठ शहर की सड़कों पर धडल्ले से घूम रहे स्कार्पियो सवार लोगों ने आतंक बरपा रखा है। स्कार्पियो को आड़ी तिरछी चलाते हुए अन्य राहगीरों की जान भी सांसत में डाल रखी है। गंभीर बात यह है कि मेरठ जिले की पुलिस की नाक के नीचे ये आतंक बरपाया जा रहा है। बीती रात मेरठ के प्रतिष्ठित चिकित्सक डा.गौरव मिश्रा संग स्कार्पियो सवार बदमाशों ने हाथापाई करने की कोशिश करते हुए गाली गलौज की। इन युवकों ने पहले उनकी कार को पीछे से हिट किया और फिर आगे निकलकर उनकी कार के आगे अपनी स्कार्पियो लगा दी। गनीमत यह रही कि डा. गौरव ने कार का शीशा अथवा डोर नहीं खोला। बाहर से उनकी कार पर घूंसे बरसाने के बाद हूटर बजाते हुए ये युवक वहां से तेजी से निकल गये। डा.गौरव बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के भाई हैं।
प्रसिद्ध आई सर्जन डा. गौरव मिश्रा के साथ जो हुआ यह उदाहरण मात्र है। शहर की सड़कों पर इस तरह के नजारे आम हो गये हैं। अगर यह कहा जाये कि स्कार्पियो सड़क पर खुली गुंडागर्दी करने का लाइसेंस है तो कोई अतिश्योक्ति न होगी। स्टेट्स सिंबल बन चुके एप्पल फोन की ही तर्ज पर स्कार्पियो भी अब “मसल पावर” का पर्याय बन चुकी है। गले में मोटी दिखने वाली सोने की चेन, हाथ में ब्रेस लेट व मोबाइल रखकर ठेकेदारी अथवा निर्माण कार्य में लगे युवकों की स्कार्पियो पहली पसंद बन चुकी है।
डा. गौरव मिश्रा ने फर्स्ट बाइट.टीवी को बताया कि वे अपने परिवार समेत कंकरखेड़ा किसी पारिवारिक समारोह में जा रहे थे। रास्ते में एक सफेद स्कार्पियो हूटर बजाते हुए तेजी से आ रही थी। इस कार ने पहले उनकी कार को पीछे से हलके से हिट किया। उन्होंने भीतर ही बैठे हुए इसका विरोध किया तो स्कार्पियो सवार युवकों ने आगे निकलकर अपना वाहन उनकी कार के आगे लगा दिया। स्कार्पियो में सवार चारों युवक तेजी से बाहर निकले और उनकी कार को बजाना शुरू कर दिया।
ये सभी चिकित्सक को बाहर निकलने के लिये बोल रहे थे। गनीमत यह रही कि इन युवकों के तेवर देखते हुए चिकित्सक ने डोर व शीशा नहीं खोला, वरना उनके साथ कुछ भी हो सकता था। डा. गौरव ने कंकरखेड़ा थाने में तहरीर देने के साथ ही पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को इससे अवगत करा दिया है। तहरीर के मुताबिक स्कार्पियो गाड़ी का नंबर UP 15 EQ 7069 है। यह उल्देपुर निवासी के नाम पंजीकृत बताई गई है।
फेसबुक –https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर –https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें –https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट –https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/firstbytetv/

