मेरठ। किसानों की दबाव की राजनीति के चलते आहूत चक्का जाम से निपटने के लिये पुलिस ने व्यापक तैयारी कर ली हैं। दिल्ली, उत्तराखंड व यूपी को हालांकि किसानों ने चक्का जाम से बाहर रखा है लेकिन बावजूद इसके अपरिहार्य स्थिति से निपटने के लिये सभी तैयारी की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक दिल्ली मेट्रो के आठ स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद हो चुके हैं। इनमें लाल किला, जामा मस्जिद, जनपथ और सेंट्रल सेक्रेटिएट के अलावा विश्वविद्यालय शामिल हैं। आज सुबह किए ट्वीट में डीएमआरसी ने आईटीओ, मंडी हाउस और दिल्ली गेट के एंट्री-एग्जिट गेट बंद किए जाने की सूचना दी थी। इससे पहले आज दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्ताव शहीदी पार्क पहुंचे थे। वहां उन्होंने सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया। बारह बजने के साथ ही किसानों का चक्का जाम शुरू हो गया है। जम्मू पठानकोट हाइवे पर जाम लगा दिया गया है। करनाल में भी रास्ता बंद कर दिया गया है।
बता दें कि किसान आंदोलन तेजी पकड़ता जा रहा है। सरकार पर दबाव बनाने के लिये अब किसानों ने छह फरवरी को दोपहर बारह से तीन बजे तक चक्का जाम की घोषणा की है। दो दिन पहले ही भाकियू नेता राकेश टिकैत ने दिल्ली, उत्तराखंड व यूपी को इस चक्का जाम से बाहर रखने की घोषणा की थी।