मेरठ में “श्रीराम” की जीत भाजपा की प्रतिष्ठा बनी, 23 को फिर आयेंगे योगी आदित्यनाथ
BREAKING उत्तर प्रदेश मुख्य ख़बर मेरठ

मेरठ में “श्रीराम” की जीत भाजपा की प्रतिष्ठा बनी, 23 को फिर आयेंगे योगी आदित्यनाथ

11,514 Views

मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट भाजपा के लिये प्रतिष्ठा का विषय बन गयी है। रामायण में श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल की जीत के लिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले 25 दिन में अब पांचवीं बार मेरठ आ रहे हैं। योगी आदित्यनाथ 23 अप्रैल को मेरठ में अरुण गोविल के साथ खुली जीप में रोड शो करेंगे। अरुण गोविल के चुनावी नतीजे के साथ पार्टी ऐसा कुछ नहीं होने देना चाहती जिससे कि वह विपक्ष के सीधे निशाने पर आ जाये। यही कारण है कि इस सीट पर पार्टी नेतृत्व की विशेष नजर है।

मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट पर टिकट चाहने वालों की भाजपा में लंबी चौड़ी फेहरिस्त होने के बावजूद पार्टी ने अरुण गोविल पर दांव लगाने का रिस्क उठाया है। भाजपा के इन स्थानीय दिग्गजों ने अरुण गोविल को बाहरी प्रचारित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। ऊपरी मन से अनुशासित होने के कारण वे जरूर अरुण गोविल के साथ चेहरा दिखा रहे हैं लेकिन उनकी बॅाडी लैंग्वेज उनकी हकीकत की चुगली करने के लिये पर्याप्त है। यही वह कोकस है जो अरुण गोविल व आम कार्यकर्ताओं के आड़े आ रहा है। वहीं जनमानस अरुण गोविल में भगवान श्रीराम का अक्स देख कर रोमांचित हो रहा है। महिलाओं में उनका जबरदस्त क्रेज देखने में आ रहा है।

जनसंपर्क के दौरान कई मर्तबा ऐसे भी वाक्य देखने में आ रहे हैं कि महिलाएं उनकी आरती उतर रही है और गले लगकर भाव विभोर हो जा रही है। यही वह डायरेक्ट कनेक्शन है जिस बारे मेंअरुण गोविल मीडिया के सवालों के जवाब में दे रहे हैं। अरुण गोविल बताते हैं कि समय अभाव के चलते वह सभी लोगों से हाथ नहीं मिला पा रहे हैं लेकिन नजरों से नजरे मिलते ही वह डायरेक्ट कनेक्ट हो रहे हैं। इसके जरिये मेरठ हापुड़ लोकसभा वासी उन्हें और वह उनको जान व समझ पा रहे हैं। और यही उनकी जीत का आधार बनेगा,ऐसा उनका कहना है।

अब बात मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ की। मेरठ हापुड़ लोकसभा सीट के समीकरण को पार्टी पक्ष में करने के लिये योगी आदित्यनाथ ने अपनी सारी ताकत लगा रखी है। पिछले पच्चीस दिन में वह पांचवी बार 23 अप्रैल को मेरठ आ रहे हैं। समझा जा सकता है कि यह सीट भाजपा की कितनी प्रतिष्ठा से जुड़ी है। लोकसभा चुनाव घोषित होने के बाद मोदी की पहली चुनावी रैली जो मेरठ में हुई थी, योगी आदित्यनाथ पहली बार आये थे। इसके बाद चौ.चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में उन्होंंने भाग लेते हुए अरुण गोविल को प्रत्याशी के रूप में लॅांच किया था। फिर सीएम ने रार्धना में जनसभा की और रूठे हुए ठाकुरों को मनाने की कोशिश की। अब दो दिन पहले ही सिसौली में फिर से योगी आदित्यनाथ ने चुनावी रैली को संबोधित किया। और अब, वह 23 अप्रैल को फिर मेरठ आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दो चुनावी रैली ठाकुर बाहुल्य इलाकों में रखी गई थी। ठाकुर इन दिनों टिकट न मिलने की वजह से भाजपा से खासे नाराज हैं। वह भाजपा प्रत्याशी को वोट न देने की कसम खाए हुए हैं। उनका यह भी कहना है कि वे नाराज जरूर हैं लेकिन कोई उन्हें मनाने भी नहीं आया। इस नाराजगी को दूर करने के लिये ही सिसौली में अरुण गोविल यह बताना नहीं भूले कि उनकी धर्मपत्नी श्रीलेखा भी ठकुराइन हैं। जैसे वह नाराज होने पर ठकुराइन को मना लेते हैं, आप भी अब मान जाओ।

योगी आदित्यनाथ 23 को मेरठ के पुराने शहर में रोड शो करेंगे। उनके इस रोड शो में अरुण गोविल भी साथ होंगे। संभावना यह भी जताई जा रही है कि धारावारिक रामायण के बाकी दो कलाकार यानी दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी भी उनके साथ होंगे। दीपिका ने माता सीता जबकि सुनील ने लक्ष्मण की भूमिका धारावाहिक में निभाई थी। अभी तक ये लोग भले ही मेरठ नहीं आ पाये हैं लेकिन डिजिटल मीडिया के जरिये वह अरुण गोविल के पक्ष में मतदान करने की अपील जरूर करते नजर आ रहे हैं।

यह रोड शो पुरानी दिल्ली चुंगी से शुरू होकर शारदा रोड, दिल्ली गेट चौराहा, कबाड़ी बाजार, अनाज मंडी, सराफा बाजार से बजाजा बाजार जाकर संपन्न होगा। इस रोड मैप में कुछ बदलाव भी संभव है। इसकी बराबर पार्टी स्तर पर समीक्षा की जा रही है।

follow us on 👇

फेसबुक –https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर –https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें –https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट –https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/firstbytetv/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *