
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की अध्यक्ष रेणुका मिश्रा को हटाया, राजीव कृष्ण को अतिरिक्त पदभार
यूपी पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में योगी सरकार ने सख्त रूख अपनाते हुए रेणुका मिश्रा को पद से हटाते हुए वेटिंग में रख दिया है। रेणुका उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की अध्यक्ष थी। उनके स्थान पर अब 1991 बैच के आईपीएस राजीव कृष्णा को भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वर्तमान में राजीव कृष्णा डीजी विजिलेंस हैं। 60,244 पदों के लिये हुई परीक्षा का पर लीक होने के मामले में योगी सरकार को खासी फजीयत का सामना करना पड़ा है। अभ्यर्थियों के भारी विरोध प्रदर्शन के बाद योगी सरकार ने इसे रद्द कर दिया था। साथ ही इस परीक्षा को आगामी छह माह में कराने की घोषणा की है।
दरअसल, 17 और 18 फरवरी को यूपी के 75 जिलों में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। इसमें 48 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। पुलिस भर्ती का पेपर प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ था। बता दें कि परीक्षा के दौरान 287 सॉल्वर और उनके गैंग से जुड़े लोग पकड़े गए थे। छात्रों का आरोप था कि परीक्षा से एक दिन पहले ही पेपर वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुपों में सर्कुलेट हो रहा था। टेलीग्राम पर 100-100 रुपए में परीक्षा के पेपर बेचे गए। इसके बाद भी परीक्षा कराई गई। पेपर लीक को लेकर पुलिस भर्ती बोर्ड को 1500 शिकायतें मिली थीं।
मैनपुरी में 18 फरवरी को किरन सौजिया एकेडमी में हुई परीक्षा में बिहार के भोजपुर जिले का रवि प्रकाश सिंह भी परीक्षा दे रहा था। उसके पास एक चिट मिली। उसमें 114 सवालों के जवाब लिखे थे। हिरासत में ले कर की गई पूछताछ में पता चला कि उसे पेपर बाहर वॉट्सऐप पर मिला है। इसकी उसने दो चिट बना ली। परीक्षा से ठीक पहले वॉट्सऐप पर आए सारे डेटा को डिलीट कर दिया। पुलिस ने रवि का मोबाइल कब्जे में लिया और उसे जेल भेज दिया था।
भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने प्रयागराज व लखनऊ मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया था। पुलिस को यहां बल प्रयोग भी करना पड़ा था। अभ्यर्थियों के भारी विरोध के बाद इस परीक्षा को रद्द करने की घोषणा योगी सरकार ने कर दी थी। अब सरकार ने रेणुका मिश्रा को अध्यक्ष पद से हटा दिया है।
follow us on 👇
फेसबुक -https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर -https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें – https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट -https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम -https://www.instagram.com/firstbytetv/