किसानों के हौंसले बुलंद, रात्रि विश्राम के बाद कल भी दिल्ली की तरफ कूच
MSP खरीद गारंटी समेत कई मांगों को लेकर दिल्ली कूच को शाम ढलने पर किसानों ने आज विराम दे दिया। साथ ही यह घोषणा भी कर दी है कि बुधवार को फिर से दिल्ली की तरफ कूच किया जायेगा। इससे पूर्व आज दिल्ली के सभी बार्डर को पुलिस ने सील कर दिया था। सुरक्षा के भारी इंतजाम के बीच कई जगह किसानों व पुलिस की झड़प हुई है। इसमें कई किसान चोटिल हुए हैं। किसान नेताओं ने आर-पार की जंग का ऐलान करते हुए कह दिया कि दिल्ली कूच होकर रहेगा। गाजीपुर, सिंघु, संभू, टिकरी समेत सभी बॉर्डर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने भी साफ कर दिया है कि किसानों की आड़ में उपद्रवियों ने अगर कानून व्यवस्था में खलल डालने की कोशिश की तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
दरअसल, न्यूनतम समर्थन मूल्य अन्य मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन का यह दूसरा चरण है। दो साल पूर्व इन्हीं मुद्दों को लेकर आंदोलन हुआ था। किसानों को मनाने के लिए सोमवार को करीब पांच घंटे लंबी वार्ता चली थी। इसमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और अर्जुन मुंडा शामिल थे लेकिन किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानूनी गारंटी चाहते थे. इसी पर बात बिगड़ गई।
सिंघू बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा पुलिस पर भारी पथराव किया जिसके जवाब में हरियाणा पुलिस ने वाटर कैनन तथा आंसू गैस का इस्तेमाल करके स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और हम सभी को इसका सम्मान करना चाहिए. प्रदर्शन की आड़ में उपद्रव फैलाने की अनुमति किसी को नहीं है, ऐसे लोगों पर विधि अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से भी लेफ़्ट फ़्रंट कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प का मामला सामने आया है। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। वहीं लेफ़्ट के कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव किया। मंगलवार को मुर्शिदाबाद के बहरामपुर में मोहम्मद सलीम के नेतृत्व में लेफ्ट फ्रंट के कृषक मोर्चा की रैली थी। किसानों से संबंधित विभिन्न मांगो को लेकर वाम मोर्चा की ओर से निकाली गई इस रैली को पुलिस ने जब रोका तो वाम कार्यकर्ताओं ने पुलिस का बैरिकेड तोड़ दिया और इसी के बाद पुलिस के साथ झड़प शुरू हो गई. इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया आँसू गैस के गोले छोड़े।
इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर कहा कि किसान भाइयों आज ऐतिहासिक दिन है। कांग्रेस ने हर किसान को फसल पर स्वामीनाथन कमीशन के अनुसार MSP की कानूनी गारंटी देने का फैसला लिया है। यह कदम 15 करोड़ किसान परिवारों की समृद्धि सुनिश्चित कर उनका जीवन बदल देगा। न्याय के पथ पर यह कांग्रेस की पहली गारंटी है।

