
जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी के ठिकानों पर ईडी के छापे
जेल में बंद समाजवादी पार्टी विधायक इरफान सोलंकी और उनके रिश्तेदारों के घर पर आज सुबह ईडी ने छापेमारी की। लखनऊ से रवाना हुई ये टीमें गुरुवार सुबह 6 बजे इरफान सोलंकी के जाजमऊ स्थित घर पहुंचीं। इसके अलावा ईडी की टीम कानपुर के ग्वालटोली में रहने वाली सपा नेत्री नूरी के घर भी पहुंची है। नूरी के पिता इरफान के बेहद करीबी माने जाते हैं। छापेमारे की इस कार्यवाही पर इरफान के अधिवक्ता ने आपत्ति जताई है। उनका यह कहना है कि ईडी की इस छापेमारी के दौरान सभी सीसीटीवी बंद कर दिये गये हैं, जिस वक्त वहां कोई नहीं हैं, वहां छापे मारने का क्या औचित्य है। फिर कोर्ट से 14 मार्च को फैसला आना है, ऐसे में छापा मारना इसकी टाइमिंग को लेकर भी सवाल पैदा करता है।
ईडी की टीम इरफान सोलंकी के बेकनगंज के घर पर भी मौजूद हैं। दोनों ही जगह पर टीम ने लोगों के मोबाइल जमा करा लिए। इसके बाद सीसीटीवी कनेक्शन काट दिए । ED की एक स्पेशल टीम मुंबई भी पहुंची है। यहां इरफान का घर है। यहां भी रेड पड़ी है। बिल्डर हाजी वसी के घर पर भी रेड पड़ी है। सपा नेत्री नूरी के घर पर भी छानबीन जारी है।
विधायक इरफान के साथी रहे बिल्डर हाजी वसी के चमनगंज के भान्नापुरवा स्थित घर पर भी छापेमारी हुई है। दरअसल, हाजी वसी की कंपनी मेराज कंस्ट्रक्शन में इरफान की पत्नी डायरेक्टर हैं। इसलिए उनके ठिकानों पर भी ED पहुंची है। हाजी वसी 3 जून कानपुर हिंसा के मामले में फंडिंग के मामले में भी आरोपी बनाया गया था। इसके अतिरिक्त, विधायक के पेजबाग स्थित पुराने मकान पर भी ED की टीमें मौजूद हैं। यहां पर भी आय और खर्च से संबंधित दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
ED की एक टीम कानपुर के ग्वालटोली में रहने वाले सपा नेत्री नूरी के घर भी पहुंची है। नूरी के पिता शौकत अली इरफान के बेहद करीबी माने जाते हैं। इरफान की गैंग में भी शौकत अली शामिल हैं। इरफान और शौकत के बीच कारोबारी रिश्ते भी हैं। पुलिस ने बीते साल शौकत के 30 अपार्टमेंट भी सील किए थे।
इरफान सोलंकी के घर ईडी की छापे पर अधिवक्ता ने उठाये ये सवाल#kanpurnews #irfansolanki #advocate #UttarPradesh #ED pic.twitter.com/ZyryJSMWNE
— FIRSTBYTE.Tv (@firstbytetv_) March 7, 2024
फिलहाल, कानपुर में सात ठिकानों पर रेड चल रही है। इरफान और उनके भाई के हाउसिंग प्रोजेक्ट में करोड़ों के निवेश को लेकर जांच शुरू हुई है। इसी सिलसिले में ED ने छापेमारी की है। हालांकि, ED के अफसरों का अभी तक ऑफिशियल बयान नहीं आया है। इरफान सोलंकी इस वक्त महाराजगंज जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ 14 मार्च को आगजनी और आचार संहिता उल्लंघन के मुकदमे में फैसला आना है।
इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान की कानपुर में करीब 200 करोड़ की संपत्तियां बताई गई हैं। इनमें से कई संपत्तियां पुलिस पहले ही सीज कर चुकी है। विधायक, उनके भाई रिजवान और उनकी पत्नी के नाम पर चकेरी स्वर्ण जयंती विस्तार योजना में 300 वर्ग मीटर के 3 प्लॉट हैं। इसके साथ ही विधायक के नाम पर गाजियाबाद में 300 वर्गमीटर का प्लॉट, ग्रेटर नोएडा स्थित फ्लैट समेत 25 से 30 करोड़ की संपत्तियां हैं।
बता दें कि ED एक्शन से ठीक एक दिन पहले MP-MLA कोर्ट ने आगजनी और फर्जी टिकट पर यात्रा केस में फैसला 14 मार्च तक के लिए टाला है। दरअसल, नवंबर 2022 में जाजमऊ में एक महिला के प्लॉट में कथित आगजनी के मामले में इरफान को दिसंबर 2022 में जेल भेजा गया था। फिलहाल, इरफान महाराजगंज जेल में हैं। बीते हफ्ते MP-MLA (एडीजे-11) कोर्ट में केस की बहस पूरी हो गई। आगजनी मामले में पुलिस कमिश्नर दफ्तर में सरेंडर करने के बाद इरफान को कानपुर जिला जेल में रखा गया था, लेकिन दिसंबर 2022 में इरफान को महाराजगंज जेल शिफ्ट कर दिया गया था।
follow us on 👇
फेसबुक -https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर -https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें – https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट -https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम -https://www.instagram.com/firstbytetv/