एसीएस अफसर नुपूर बोहरा के घर से करोड़ो बरामद, गिरफ्तार
ब्यूरोक्रेसी में भ्रष्टाचार कितना चरम तक पहुंच गया है इसका ताजा तरीन उदाहरण है असम सिविल सेवा की युवा अधिकारी नूपुर बोरा। प्रशासनिक जगत में तेजी से उभरता सितारा नुपूर को माना जा रहा था लेकिन करोड़ों की काली कमाई के आरोप में नुपूर को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया गया है। यह गिरफ्तारी मुख्यमंत्री की विशेष सतर्कता शाखा (Special Vigilance Cell) की छापेमारी में करोड़ों की काली कमाई उजागर होने के बाद की गई है। इनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपया कैश व एक करोड़ रुपये से ज्यादा के जेवरात बरामद किये गये हैं।

दरअसल, कामरूप जिले के गोरैमरी में तैनात सर्किल ऑफिसर नूपुर बोरा के ठिकानों पर जब दबिश दी तो नतीजे देखकर सभी दंग रह गए। गुवाहाटी स्थित घर से 92 लाख रुपये नकद और लगभग 1 करोड़ रुपये के गहने बरामद हुए. बरपेटा में किराए पर लिए मकान से भी 10 लाख रुपये नकद मिले। यानी पांच साल की सेवा में इस अधिकारी ने जो अकूत संपत्ति इकट्ठा की, उसने सरकार से लेकर आम जनता तक सबको चौंका दिया।
बता दें कि गोलाघाट जिले की रहने वाली नुपुर बोरा ने 2019 में सिविल सेवा में प्रवेश किया था। उस समय उन्हें मेहनती और उम्मीद जगाने वाली अफसर के तौर पर देखा जाता था लेकिन प्रशासनिक ज़िंदगी का यह सफर अचानक ही भ्रष्टाचार और अवैध सौदों की कहानी बन गया। पिछले छह माह से नुपूर पर गुप्त निगरानी रखी जा रही थी। ऐसा ज़मीन से जुड़े सौदों में गड़बड़ी के आरोपों के चलते की जा रही थी।

सतर्कता विभाग ने सिर्फ बोरा के अलावा उनके करीबी माने जाने वाले बरपेटा राजस्व सर्किल ऑफिस के कर्मचारी लाट मंडल सुरजीत डेका के घर पर भी छापा मारा। टीम को शक है कि बोराह और डेका ने मिलकर बरपेटा में कई ज़मीनें खरीदी हैं. अब इन संपत्तियों की जांच की जा रही है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए साफ कहा कि नुपुर बोरा ने बरपेटा में सर्किल ऑफिसर रहते हुए हिंदुओं की ज़मीन संदिग्ध व्यक्तियों को ट्रांसफर की. इसके बदले उन्होंने मोटी रकम ली. यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. राजस्व विभाग में, खासकर अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में फैले भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
असम सरकार की एक अधिकारी के खिलाफ अवैध धन प्राप्त करने के मामले में कार्रवाई जारी है।
सरकार को सूचना मिली है कि यह अधिकारी हिंदुओं की ज़मीन एक विशेष समुदाय को हस्तांतरित कर रही थी। pic.twitter.com/giYYtf0z7r
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) September 15, 2025
फिलहाल नुपुर बोराह जेल में हैं और सतर्कता विभाग उनकी संपत्ति और लेन-देन की गहन जांच कर रहा है। उनके बैंक अकाउंट, संपत्तियों और ज़मीन सौदों की जानकारी खंगाली जा रही है। साथ ही उनके सहयोगियों की भी पूछताछ चल रही है।
फेसबुक –https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर –https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें –https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट –https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/firstbytetv/

