दो दिन पूर्व डा. हरपाल सिंह ने कार्यमुक्ति का लिख दिया था पत्र
BREAKING उत्तर प्रदेश मुख्य ख़बर मेरठ

दो दिन पूर्व डा. हरपाल सिंह ने कार्यमुक्ति का लिख दिया था पत्र

Spread the love
  • लंबे समय बाद डा.हरपाल सिंह की निगम से विदाई
  • कान्हा उपवन गौशाला में दुर्दशा के लिये जिम्मेदार
  • महापौर व नगर आयुक्त की आंखों के तारे रहे हमेशा
  • प्रभारी मंत्री के निरीक्षण में भी मिली गंदगी,अव्यवस्था
  • भाजपा पार्षदों ने भी खोला था हरपाल के खिलाफ मोर्चा
  • महापौर हरिकांत ने हर बार पार्षदों को समझा दिया
  • कमिश्नर ने दिये डा. हरपाल को हटाने के आदेश

 

लंबे समय तक डा. हरपाल सिंह ने नगर निगम मेरठ में बैटिंग की। नगर आयुक्त पद पर कोई भी आये लेकिन उन्हें उसकी आंख का तारा  बनने में कतई देर नहीं लगी। तुरंत ही चारों तरफ छा गये। महापौर हरिकांत आहलुवालिया के वह पहले से ही आंखों के तारे बने रहे। भ्रष्टाचार के तमाम आरोप लगे, आरोपों की लंबी फेहरिस्त रही लेकिन मजाल है कि डा.हरपाल सिंह के खिलाफ कोई भी नगर आयुक्त एक्शन ले पाये। अब कान्हा उपवन  गौशाला की दुर्दशा और मृत पड़े गौवंश के एक के बाद एक वीडियो वायरल हुए तो हरपाल सिंह की नगर निगम मेरठ से विदाई के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं था। दिलचस्प तथ्य यह भी रहा कि जिस डा. हरपाल सिंह को हटाने के आदेश प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह को गौशाला के निरीक्षण के दौरान देने पड़े उसने बीते दिवस ही खुद को गौशाला के प्रभारी पद से कार्य मुक्त होने के लिये नगर आयुक्त सौरभ गंगवार को पत्र लिख दिया था।  इस पत्र पर कोई फैसला लेने में भी करीब 24 घंटे लग गये।

हाल ही में परतापुर स्थित कान्हा उपवन गौशाला के कुछ वीडियो वायरल हो गये। इन वीडियों में गौवंश की दुर्दशा का वर्णन किया गया था। चारों तरफ फैली गंदगी के बीच गौवंश जमीन पर पड़े तड़प रहे थे। गौशाला में करीब 924 गौवंश को रखने की क्षमता है लेकिन वहां करीब 2397 गौवंश रखे गये हैं, यानी करीब ढाई गुना ज्यादा। ऐसे में न गौवंश न  बैठ पा रहे हैं और न ही खड़े। इन वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीएम वीके सिंह ने जांच बैठाई। जांच में तमाम खामिया बतायी गयी। मृत गौवंश की संख्या पांच बताई गई जबकि वीडियो में ही ये आठ नजर आ रहे हैं। डीएम ने नगर आयुक्त सौरभ को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिये लेकिन नगर आयुक्त ने दोषी अफसरों व स्टाफ की गर्दन बचाते हुए  दस आउटसोर्सिंग लोगों को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

आज प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने निरीक्षण किया तो वहां अव्यवस्था फिर नजर आयी। उन्होंने मौके पर ही डा. हरपाल सिंह को गौशाला से हटाने के मौखिक आदेश सुना दिये।  रात करीब साढ़े दस बजे नगर आयुक्त द्वारा जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी गई कि गौशाला के वरिष्ठ प्रभारी सहायक नगर आयुक्त शरदपाल व प्रभारी गौशाला डा, हरपाल सिंह को तत्काल गौशाला से हटा दिया गया है। अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार को वरिष्ठ प्रभारी गौशाला व कुलदीप कुमार को प्रभारी गौशाला बना दिया गया है। कुलदीप कुमार दिल्ली रोड वाहन डिपो प्रभारी हैं। गौशाला में लगे सीसीटीवी की रिकार्डिंग रखने ,गर्मी से बचाव को पंखे कूलर लागने के नेिर्देश दिये गये हैं। साथ ही 15 हजार वर्ग मीटर अतिरिक्त भूमि को चिन्हित कर वहां शैड, पिलर बनाने के लिये निर्देश दिये गये हैं। आज निरीक्षण के दौरान महापौर हरिकांत ने भी गौवंश को अपने साथ से हरा चारा खिलाकर पुण्य कमाया।

दिलचस्प तथ्य यह है कि इससे पूर्व मंडलायुक्त ने डा.हरपाल सिंह को नगर निगम से ही हटाने के आदेश जारी कर दिये। साथ ही नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.गजेंद्र सिंह को सीएमओ आफिस से संबंद्ध कर दिया। नगर निगम की मौजूदा व्यवस्था में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.गजेंद्र सिंह को पैदल किया हुआ था जबकि इस पद पर कार्यवाहक के रूप में सबके प्यारे डा.हरपाल सिंह को बैठाया गया था। जबकि वह मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी हैं।

डा.हरपाल सिंह द्वारा लिखा गया पत्र। फोटो फर्स्टबाइट.टीवी
डा.हरपाल सिंह द्वारा लिखा गया पत्र। फोटो फर्स्टबाइट.टीवी

इससे पूर्व बीते दिवस डा.हरपाल सिंह ने नगर आयुक्त को एक पत्र लिखा था। इस पत्र में वह पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी के रूप में निगम में कार्यरत हैं।  इसके साथ ही उन पर कान्हा उपवन गौशाला का अतिरिक्त प्रभार है।  स्वस्थ्य विभाग में अधिक कार्य होने के कारण गौशाला का कार्य प्रभावित हो रहा है।  लिहाजा इस अतिरिक्त कार्य को किसी अन्य सक्षम अधिकारी द्वारा कराया जाए साथ ही उन्हें स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त प्रभार से भी मुक्त कर दिया जाये।  हस्तलिखित इस पत्र पर 17 जुलाई की तिथि अंकित है।  यह बैक डेट में लिखी गयी है अथवा नहीं, यह जांच का विषय हो सकता है।

Follow us on 👇

फेसबुक –https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर –https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें –https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट –https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/firstbytetv/