मेरठ में स्वाट टीम और परतापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ के बाद 4 अंतरराज्यीय अवैध असलाह तस्कर गिरफ्तार
BREAKING crime मेरठ

मेरठ में स्वाट टीम और परतापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ के बाद 4 अंतरराज्यीय अवैध असलाह तस्कर गिरफ्तार

Spread the love
मेरठ: मेरठ की परतापुर पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुठभेड़ के बाद एक अंतरराज्यीय अवैध असलाह तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिसकी जानकारी खुद मेरठ एसएसपी ने प्रेसवार्ता कर दी। दरअसल, पुलिस को देर रात मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि मेरठ के तीन बदमाश दिल्ली के एक खरीदार को अवैध पिस्टल बेचने के उद्देश्य से अच्छरोंडा और बहादरपुर मार्ग स्थित एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास जुटने वाले हैं। सूचना मिलते ही जब परतापुर पुलिस और स्वाट टीम ने मौके पर घेराबंदी शुरू की, तो तस्करों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दिल्ली के वेलकम इलाके का रहने वाला मुख्य आरोपी आमिर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। हालांकि शुरुआत में उसके बाकी तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे इलाके में सघन कांबिंग ऑपरेशन चलाया और बेहद कम समय में तीनों फरार आरोपियों को भी धर दबोचा। पुलिस ने इन तस्करों के कब्जे से 32 बोर की 7 अवैध पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही चोरी की एक बाइक व स्कूटी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि घायल आरोपी आमिर एक बेहद शातिर हथियार तस्कर है, जो इससे पहले दिल्ली-एनसीआर (NCR) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सैकड़ों अवैध हथियारों की सप्लाई कर चुका है। फिलहाल घायल आमिर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।