महाशिवरात्रि पर मेरठ के औघड़नाथ मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, तड़के 4 बजे से जलाभिषेक के लिए लगीं लंबी कतारें
BREAKING मेरठ

महाशिवरात्रि पर मेरठ के औघड़नाथ मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, तड़के 4 बजे से जलाभिषेक के लिए लगीं लंबी कतारें

Spread the love
मेरठ: मेरठ के ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की भारी धूम देखने को मिल रही है, जहाँ बुधवार तड़के 4 बजे से ही भोलेनाथ के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। कांवड़ियों और शिवभक्तों का औघड़नाथ मंदिर पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। मंदिर समिति के अनुमान के मुताबिक, आज महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पवित्र जलाभिषेक करेंगे। कतारों में खड़े भक्त अपनी बारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गुंजायमान है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए मेरठ पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए मंदिर परिसर और उसके आसपास त्रिस्तरीय सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है। मौके पर करीब 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं।
ड्रोन और सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे पर नजर
सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़ और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है। मंदिर में प्रवेश करने वाले हर एक श्रद्धालु की मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की जा रही है। इसके अलावा, एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहाँ से पूरे मंदिर परिसर की लाइव सीसीटीवी फुटेज के जरिए पल-पल की निगरानी की जा रही है, ताकि यातायात और कानून व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।