हिमाचल में भूस्खलन का कहर जारी
किन्नौर के हादसे के बाद अब लाहौल में हादसा
दो हजार लोगों को बाहर निकाला गया
हिमाचल। प्रदेश में भूस्खलन का कहर जारी है। शुक्रवार की दोपहर सुदूर लाहौल स्पीति जिले में भूस्खलन के चलते चेनाब नदी का बहाव ही रुक गया। यह राज्य की सबसे बड़ी नदी है, जिसे स्थानीय तौर पर चंद्रभागा भी कहा जाता है। इस घटना के बाद तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और अब तक 2,000 लोगों को इलाके से निकाल लिया गया है।
आसपास के कुल तेरह गांवों से दो हजार लोगों को बाढ़ के खतरे के चलते निकाला गया है। हिमाचल सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि लाहौल स्पीति के जसरथ गांव के पास भूस्खलन हुआ और बड़े पैमाने पर मलबा नदी में जा गिरा। इसके चलते नदी का प्रवाह थम गया है। नदी का बहाव रुकने की वजह से इलाके में झील बनने का खतरा पैदा हो गया है और किसी भी तरह के संकट से बचने के लिए लोगों को निकाला जा रहा है।