- सुबह तीन बजे कीव में सुनाई दिये तेज धमाके
- रूस के सात एयरक्राफ्ट, हेलीकाप्टर व टैंक तबाह करने का दावा
- यूक्रेन ने नागरिकों को सुरक्षा के लिये दी दस हजार एसाल्ट राइफलें
- यूक्रेन के समर्थन में मास्को की सड़क पर उतरे रूसी
- यूक्रेन के छलका दर्द, रूसी हमले के खिलाफ अकेला छोड़ दिया गया
यूक्रेन पर रूस का चौतरफा हमला जारी है। यूक्रेन की राजधानी कीव में आज सुबह तीन बजे कई धमाके सुने गये। इन रूसी हमलों में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं जबकि 169 गंभीर रूप से घायल हैं। तमाम दावों प्रति दावों के बीच यूक्रेन ने कहा है कि उसने रूस के सात एयरक्राफ्ट, छह हेलीकाप्टर व तीस टैंक तबाह कर दिये हैं। इसके साथ ही उसने सुरक्षा के लिये अपने नागरिकों को दस हजार राइफल भी दी हैं। हां, यूक्रेन ने यह कहते हुए अपना दर्द जरूर सांझा किया है कि रूस द्वारा किये जा रहे हमलों में उसे अकेला छोड़ दिया गया। दरअसल, बीती रात ही अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने स्पष्ट करते हुए ऐलान कर कर दिया कि नाटो की सेना यूक्रेन नहीं जायेगी। हालांकि हाल ही में अफगानिस्तान में जिस तरह से अमेरिकी सेना की वापसी हुई उसे देखते हुए इस बात की बेहद कम ही उम्मीद थी कि अमेरिका रूस के खिलाफ मैदान में उतरेगा।

इन हमलों के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि कीव में घुसे रूसी सैनिकों का पहला टारगेट वह हैं। लिहाजा यूक्रेन ने भी रूसी हमले का मुकाबला करने के लिए पूरी सेना उतार दी है। यूक्रेन की राजधानी कीव में अभी भी धमाके जारी है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के राजधानी कीव में आज सुबह 3 बड़े धमाके हुए हैं। रूसी हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं, वहीं 169 घायल हैं। अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन पर रूस की तरफ से कुल 203 हमले किए गए जिनमें 160 हमले मिसाइलों से और 83 लैंड बेस्ड टारगेट हिट किए।


इस बीच, यूक्रेन पर हमला करने पर रूस के भीतर असंतोष के स्वर सुनाई देने लगे हैं। रूस के नागरिक इस हमले के खिलाफ सड़क पर उतर आये हैं। रूस की राजधानी मास्कों में बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतर का प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 17 सौ नागरिकों को पुलिस ने विरोध प्रदर्शन करने पर हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उन नागरिकों से प्रदर्शन न करने की अपील की है जिनके दिल में यूक्रेन नागरिकों के प्रति सहानुभूति है।
