
माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़, अब तक 12 श्रद्धालुओं की मौत
- राज्य की ओर से मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा
- भीड़ में धक्का मुक्की होने के बाद मची भगदड़
- नये वर्ष पर माता के दर्शन करने पहुंचे थे लोग
- मरने वालों में अधिकांश यूपी व हरियाणा के लोग
जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी भवन में नये साल पर दर्शन करने पहुंचे लोगों में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में बारह लोगों की मौत हो गयी जबकि पंद्रह से ज्यादा घायल हो गये। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इसके चलते कुछ देर के लिये वहां दर्शन प्रक्रिया रोक दी गई लेकिन जैसे ही हालात सामान्य हुए इसे शुरू कर दिया गया। इस घटना पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। मरने वाले लोगों में अधिकांश यूपी और हरियाणा के रहने बताये गये हैं। यह हादसा रात पौने तीन बजे हुआ।
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा देने का एलान किया है। वहीं, मामूली रूप से घायलों के इलाज के लिए 2 हजार रुपए दिए जाएंगे।
दरअसल, कल नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में लोग कटरा में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए आए थे। इस दौरान भीड़ में धक्का मुक्की होने के बाद भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए। काटरा अस्पताल के बीआरओ डॉ गोपाल दत्त ने बताया है कि अभी तक हमारे पास 12 लोगों के मरने की जानकारी आई है। आधिकारिक आंकड़ा अभी नहीं बताया गया है।