भारत बंद का व्यापक असर, रास्ते जाम, कई ट्रेन हुई रद्द
BREAKING राष्ट्रीय

भारत बंद का व्यापक असर, रास्ते जाम, कई ट्रेन हुई रद्द

46 Views

दिल्ली से जुड़ी कई ट्रेनें रद्द हुई

दिल्ली, पंजाब,हरियाणा, मुंबई, यूपी में खासा प्रभाव

किसान दस साल तक भी पीछे नहीं हटेंगे-टिकैत

सरकार का काले कानून वापस ही लेने होंगे-राकेश

मेरठ कमिश्नरी पर शाम से ही किसानों का डेरा

खाने पीने की तैयारी से पहुंचे हैं भारी किसान

नई दिल्ली। केंद्र के तीन कृषि कानून की खिलाफत करते हुए आज आहूत भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिला है। यूपी के साथ ही दिल्ली, गुरूग्राम, मुंबई में भी कमोवेश सभी तरह भारी जाम लगा है। गाडियों की लंबी कतार हर जगह देखी जा रही हैं। सुबह से शुरू यह बंद दोपहर बाद 4 बजे तक जारी रहेगा। जाम में फंसे लोग इसके बाद भी कब तक परेशानी से जूझेंगे कहना मुश्किल है। लाल किले की तरफ जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। भाकियू नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि यह आंदोलन सरकार के खिलाफ है। अगर सरकार अपनी जिद पर दस साल भी टिकी रही तो किसानों का आंदोलन भी दस साल तक ही चलेगा। सरकार को काले कृषि कानून वापस लेने ही पड़ेंगे। उधर,  यूपी की मेरठ कमिश्नरी पर भी शाम से ही किसानों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। किसानों ने कमिश्नरी पार्क में खाना पानी के साथ अपना डेरा डाल लिया है। आल इंडिया लायर्स यूनियन मेरठ ने भी आज बंद के समर्थन में नारेबाजी कर जुलूस निकाला।

(विस्तार से यह देखिये –https://www.youtube.com/watch?v=KWbQszFheOA&t=47s)

किसान आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने लाल किले के दोनों तरफ के रास्ते को बंद कर दिया है। छत्ता रेल और सुभाष मार्ग दोनों साइड से बंद कर दिया गया है। कोंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर ट्रकों की लंबी कतार लगी है। इन लोगों को सुबह ही यहां रोक दिया गया था। दिल्ली के अक्षरधाम पर गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले एक रास्ते पर ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आ रहा है जबकि बीच की लेन को एहतियातन बंद किया गया है। भारत बंद का असर मुंबई अहमदाबाद हाइवे पर दिख रहा है। यहां कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। हाइवे से मुम्बई, ठाणे, नवी मुंबई की ओर जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसान आंदोलन की वजह से दिल्ली से जुड़ी कई ट्रेनें रद्द हुई हैं। नई दिल्ली से अमृतसर जाने वाली शान ए पंजाब सुबह 6.40 पर रद्द हो गई. नई दिल्ली-मोगा एक्सप्रेस भी सुबह 7 बजे रद्द हो गई. पुरानी दिल्ली-पठानकोट एक्सप्रेस भी रद्द हो गई. दिल्ली से कटरा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से सुबह 6 बजे चली लेकिन पानीपत स्टेशन पर खड़ी है. नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी और नई दिल्ली कालका  शताब्दी भी रद्द कर दी गई है. पंजाब के अमृतसर में भी किसानों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया है. हरियाणा के सोनीपत में किसानों ने सड़क पर बड़े बड़े पत्थर रखकर रास्ता रोक दिया है। बंद का असर पंजाब व हरियाणा में भी साफ नजर आ रहा है। किसानों के भारत बंद का कांग्रेस ने समर्थन किया है।

किसान संगठनों ने आज कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का ऐलान किया है. पंजाब समेत हरियाणा में इसका असर देखने को भी मिल रहा है. ऐसे में अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों को अपना समर्थन दिया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है लेकिन शोषण-कार सरकार को ये नहीं पसंद है। इसलिए आज भारत बंद है.” उन्होंने अपनी बात का अंत #istandwithfarmers हैशटैग का इस्तेमाल कर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *