महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एक बार फिर गोवा में बागी विधायकों के बीच पहुंच गये हैं। इस बगावत के बाद ही उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा है। आज दोपहर ये सभी बागी विधायक मुंबई लौटेंगे। दरअसल,फ्लोर टेस्ट और विधानसभा स्पीकर के चुनाव से पहले विधायकों का मुंबई लौटना जरूरी है।
सूत्रों का दावा है कि मुंबई आने से पहले गोवा में बागी विधायकों संग मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बैठक कर सकते हैं। गोवा में रुके शिंदे गुट के सभी 50 विधायक दोपहर 2 बजे विशेष चार्टर विमानों से मुंबई के लिए निकलेंगे, रविवार 3 जुलाई को विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान विधानसभा स्पीकर का चुनाव होना है, जिसमें शामिल होने के लिये एकनाथ शिंदे गुट के सभी 50 विधायकों (38 शिवसेना और 12 निर्दलीय) को आज गोवा से मुंबई ले जाया जाएगा। मुंबई में इन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच होटल ट्राइडेंट या ताज प्रेसिडेंट में ठहराया जा सकता है। शिव सेना के तीखे तेवर देखते हुए इन सभी की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये जा रहे हैं। गुवाहाटी से गोवा तक विधायक पुलिस की कड़ी निगरानी में रखे गए हैं। इससे पहले गोवा से इन बागी विधायकों का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वो शिंदे के सीएम बनने की खुशी में जमकर नाचते दिखे।