धीरेंद्र शास्त्री की कथा का मुख्य संयोजक नीरज मित्तल है भूमाफिया-विधायक अतुल प्रधान
BREAKING उत्तर प्रदेश मुख्य ख़बर मेरठ

धीरेंद्र शास्त्री की कथा का मुख्य संयोजक नीरज मित्तल है भूमाफिया-विधायक अतुल प्रधान

Spread the love
15,051 Views

मेरठ में 25 मार्च से शुरू होने जा रही कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के दिव्य दरबार की तैयारी तेज हो गयी हैं। मुख्य संयोजक नीरज मित्तल ने मंत्री कपिल देव अग्रवाल संग प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें कथा का निमंत्रण दिया है। इस आशय की जानकारी स्वयं नीरज मित्तल ने अपने सोशल एकाउंट से दी है। उधर, सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने इस कथा के मुख्य संयोजक नीरज मित्तल पर गहरे सवाल खडे कर दिये हैं। अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि कथा का मुख्य आयोजक मेरठ शहर का सबसे बड़ा भूमाफिया है, भूमाफिया के इस आयोजन में आने से पूर्व कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को एक बार जरूर सोचना चाहिए। सपा विधायक ने अखिलेश यादव के बाद आज फिर दोहराया कि भाजपा के तमाम लोग गरीब लोगों की जमीनें कब्जा कर  उनकी खरीद फरोख्त में लगकर दिखते ही देखते करोड़पति अरबपति हो रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने वाले इन लोगों की जांच करा कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिये।

दरअसल, कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 25 से 29 मार्च तक कथा का आयोजन किया जा रहा है।  हनुमंत कथा का आयोजन जागृति विहार एक्सटेंशन  सेक्टर दो में किया जा रहा है इसकी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिस व्यापक स्तर पर आयोजन की तैयारियां चल रही है उसे देखते हुए बताया जा रहा है कि इस आयोजन में करीब पांच से छह करोड़ रुपया व्यय होना है। कथा को सफल बनाने के लिये शहर के सभी प्रमुख अखबारों महंगे व फुल पेज विज्ञापन लगातार प्रकाशित किये जा रहे हैं।

इस बीच, महंगी चिकित्सा सेवा व शिक्षा के खिलाफ आवाज उठाकर चर्चा में आये सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने आज शाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पहले एक पोस्ट की और फिर लाइव आकर इस आयोजन से जुड़े नीरज मित्तल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये। इस दौरान सपा विधायक ने कहा कि  इन दिनों भाजपा भूमाफियाओं के संरक्षण में लगी हुई है। यह बात वह कई बार विधानसभा में भी उठा चुके हैं। अनाधिकृत कालोनियों व उनके बनाने वालों के नाम भी कई बार सामने आये,इन कालोनियों को ध्वस्त करने मेरठ विकास प्राधिकरण का बुलडोजर भी पहुंचा,उसने निर्माण ध्वस्त भी किये लेकिन तभी ये निर्माण फिर तेजी से कर लिये गये।

सपा विधायक ने कहा कि मौजूदा समय में भाजपा के तमाम बड़े नाम जमीनों की खरीद फरोख्त में लगे हैं। ये लोग भगवान के प्रति आस्था का चोला ओढ़कर जनता व सीएम योगी आदित्यनाथ को भ्रमित किये हुए हैं। आस्था के नाम पर ये लोग अपने गोरखधंधे छिपाने में लगे हुए हैं। इस प्रकार के आयोजनों का एक मात्र उद्देश्य अपने गोरखधंधे छिपाना है। सपा विधायक का यह भी कहना है कि इन दिनों यह गलत काम कर आस्था का चोला पहन लेने का प्रचलन चल निकला है।

जिस वक्त सपा विधायक अतुल प्रधान का फेसबुक पर लाइव चल रहा था, शुभम त्रिपाठी द्वारा एक ही वाक्य को बार बार पोस्ट किया जा रहा था।  नीरज मित्तल जिंदाबाद,मेरठ का शेर नीरज मित्तल। इस पर अतुल प्रधान ने पूछा कि शेर ऐसे होते हैं ? जो गरीबों की जमीनें हड़प कर ये आयोजन कर रहे हैं। अतुल प्रधान ने अंध विश्वास में न पड़ने की भी लोगों से अपील की। उधर, नीरज मित्तल ने कहा कि अतुल प्रधान व उनकी पार्टी सनातन धर्म विरोधी है। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। लेकिन वह सनातन धर्म के लिये काम हमेशा करते रहेंगे।

Follow us on 👇

फेसबुक –https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर –https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें –https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट –https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/firstbytetv/