हरियाणा। रोहतक में अंधाधुंध गोलियां बरसा कर पांच लोगों को मौत के घाट उतारने वाले सुखविंदर सिंह को हरियाणा पुलिस ने मोस्ट वांटेड की श्रेणी में डाल दिया है। डीजीपी हरियाणा मनोज यादव ने आरोपी सुखविंदर की जानकारी देने पर एक लाख का इनाम देने की घोषणा की है। हरियाणा पुलिस आरोपी सुखविंदर की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, यूपी, पंजाब और राजस्थान की पुलिस के संपर्क में है।
पुलिस को शुरूआती जांच पड़ताल में पता चला कि सुखविंदर का आचरण सही नहीं था। जिस कारण पिता मेहर सिंह ने उसे बेदखल कर दिया था। पत्नी ने भी साथ छोड़ दिया। आरोपी पहले मेहर सिंह अखाड़े में कोच था। जहां से गलत चाल चलन के कारण उसे निकाल दिया गया था। इसके बाद उसने जाट कॉलेज अखाड़े में कोचिंग शुरू की। यहाँ भी उसका व्यवहार अच्छा नहीं रहा, जिस कारण उसे यहां से भी हटाने के लिए कहा गया।
बता दें कि रोहतक के जाट कॉलेज में कुश्ती कोच सुखविंदर सिंह ने तीन कोच और एक महिला पहलवान सहित पांच लोगों को गोली से उड़ा दिया था। गोली लगने से एक तीन साल का बच्चा और एक अन्य कोच गंभीर रूप से घायल हो गए थे।