श्री कीरतपुर साहिब के बूंगा साहिब में किसानों ने आज अभिनेत्री कंगना रनौत के काफिले को घेर लिया। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि कंगाना उनकी महिलाओं से माफी मांगे, तभी उसे यहां से आगे जाने दिया जायेगा। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को देखते हुए पुलिस ने कंगाना की कार को चारों तरफ से कवर कर लिया। कार के भीतर से कंगना ने एक वीडियो वायरल किया जिसमें वह कहते दिखाई दे रही हैं आखिर इस देश में क्या हो रहा है, माँब लिचिंग हो रही है, यदि उनके साथ पुलिस सुरक्षा न होती तो क्या होता। काफी देर बाद कंगना को वहा से जाने दिया गया।
दरअसल, रोपड़ के पास बूंगा साहिब में कंगना की गाड़ी को रोका गया था। कंगना को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से मुंबई की फ़्लाइट पकड़नी थी। किसानों के साथ वहां पहुंची महिलाएं भी कंगना से माफ़ी मांगने को कह रही थी। किसान आंदोलन के दौरान कंगना ने बुजुर्ग महिलाओं के बारे में कहा था कि इनको 100-100 रुपए में लाया जाता है. इससे किसान कंगना से नाराज़ हैं।
वहीं कंगना रनौत ने सोशल मीडिया के जरिए दावा किया कि पंजाब में ‘किसानों’ ने उनकी कार पर हमला किया है। उन्होंने कहा, ”हिमाचल से निकली हूं. पंजाब में आते ही मॉब ने मुझे घेर लिया है। खुद को किसान कह रहे हैं। गालियां दे रहे हैं, जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस देश में इस तरह का मॉब लिंचिंग हो रहा है। अगर हमारे साथ सुरक्षाबल नहीं हो तो क्या हालात होंगे? इनती सारी पुलिस है उसके बाद भी हमें निकलने नहीं दिया जा रहा है। क्या मैं कोई राजनीतिक व्यक्ति हूं। बहुत सारे लोग मेरे खिलाफ राजनीति कर रहे हैं। उसी का ये नतीजा है। मॉब ने मुझे घेर लिया है, पुलिस न हो तो मेरी लिंचिंग हो जाएगी.”