श्रीकांत त्यागी आतंकवादी नहीं, जो पत्नी व बच्चों को भी नहीं बख्शा गया- मांगेराम त्यागी
- नोएडा की ओमेक्स सोसायटी से जुड़ा है यह विवाद
- एक महिला से भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी ने किया था अमर्यादित व्यवहार
- भाजपा नेताओं संग फोटो वायरल होने पर पार्टी ने किया किनारा
- सोसायटी में उसके अवैध निर्माण को किया गया जमीदोज
- श्रीकांत की पत्नी व बच्चों के भी उत्पीड़न का आरोप
- कल से मेरठ कमिश्नरी पर समाज का धरना
नोएडा का श्रीकांत त्यागी कांड भाजपा के गले में हड्डी बनने जा रहा है। आज मेरठ के त्यागी हास्टल में हुई पंचायत के बाद गुरूवार से मेरठ कमिश्नरी पर त्यागी ब्राह्मण समाज के साथ ही भारतीय किसान यूनियन के लोग भी धरना शुरू करने जा रहे हैं। आज हुई पंचायत में कहा गया कि श्रीकांत त्यागी ने जो किया वह गलत था लेकिन इतना गलत तो नहीं कि उसे बिल्कुल आतंकवादी जैसा ही बना दिया गया। इसके अलावा उसके परिवार का क्या कसूर था, जो उन्हें भी सजा दी गई। उनके साथ पुलिस द्वारा अमर्यादित व्यवहार किया गया। इसके विरोध में यह धरना प्रदर्शन किया जायेगा.याद दिला दें कि हाल ही में नोएडा की ओमेक्स सोसायटी में एक महिला से हुए विवाद के बाद भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी एकाएक ही सुर्ख़ियों में आ गया था। महिला से जुड़ा मामला होने के कारण भाजपा ने यह बात कहने में देर नहीं लगाई कि भाजपा का श्रीकांत त्यागी से कोई लेना देना नहीं हैं। इस पर विपक्ष ने भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं संग श्रीकांत त्यागी के फोटो वायरल कर दिये।सोसायटी में श्रीकांत त्यागी की गुर्गे घुसने पर सांसद महेश शर्मा ने अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी से यह कहते हुए नाराजगी जताई थी कि उन्हें यह कहते हुए शर्म आ रही है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है।
कुल मिलाकर भारतीय किसान यूनियन के बाद अब पश्चिम उत्तर प्रदेश की इस बेल्ट में भाजपा के खिलाफ त्यागी ब्राह्मण समाज को भाजपा के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही सांसद महेश शर्मा को भी निशाने पर रखा जा रहा है।
