दुल्हन की खुली कार में फायरिंग करते हुए धमाकेदार एंट्री
हर्ष व्यक्त करने की कोई सीमा नहीं लेकिन जब बात फायरिंग की आये तो अब हालात बिल्कुल बदले हुए हैं। मेरठ के मवाना में दूल्हे खुनली कार में दुल्हन को लेकर आया तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आव देखा न ताव तुरंत ही रिवाल्वर निकाली और दोनों नव युगल ने चार राउंड फायरिंग कर डाली। नयी नवेली दुल्हन भी फायर करती रही और मंद मंद मुस्कराती रही। वीडियो वायरल हुआ तो अब पुलिस इन पर शिकंजा कसती नजर आ रही है। यानी खुशी के इन पलों के रंग में भंग। वीडियो मवाना के एक प्रतिष्ठित परिवार की बेटी के निकाह का बताया जा रहा है। जांच जारी है।
कुछ समय पूर्व तक हालात यह रहे हैं कि शादी समारोह में तबाड़तो़ड़ फायरिंग एक शगल बन गया था। कई बार इन हर्ष फायरिंग में कई लोगों की जान भी गई। अन्य लोगों की जान जोखिम में डालने वाले इस कृत्य पर अब पुलिस ने कड़ी लगाम लगा दी है। वेवजाह व हर्ष फायरिंग करने वालों पर पुलिस शिकंजा कस रही है। इन नये हालातों में मवाना का यह वीडियो वायरल हुआ है।
इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि लाल खुली कार में दूल्हा दुल्हन की मोहल्ले में धमाकेदार एंट्री हो रही है। इस बीच, दूल्हा रिवाल्वर निकालता है और दुल्हन का हाथ थामते हुए दोनों ही चार राउंड फायरिंग कर देते हैं। इन नजारे में दुल्हन भी यह देख मुस्करा रही है और ससुराल में अपनी धमाकेदार एंट्री पर खुश हो रही है।