महान फुटबाॅलर पेले का 82 साल की उम्र में निधन
दुनिया के महान फुटबॉलर पेले का निधन हो गया है। इस आशय की जानकारी पेले के परिजनों ने सोशल मीडिया पर दी है। 82 साल की उम्र में पेले ने अंतिम सांस ली। एडसन अरांतेस डो नैसिमेंटो (पेले) तीन बार विश्व कप जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 1958, 1962 और 1970 में खेल की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी फीफा वर्ल्ड कप जीता था।
पेले की बेटी केली क्रिस्टीना नैसिमेंटो ने पिता के निधन के बाद इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर की है। इसमें पेले के परिवार के लोग आखिरी विदाई देते नजर आ रहे हैं। दरअसल, पेले को सांस के संक्रमण के इलाज और कीमोथेरेपी के लिए पिछले महीने 29 नवंबर को साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हाल के सालों में वह अपनी रीढ़, कूल्हे, घुटने और गुर्दे सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे।

