डांसर सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
लखनऊ में मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वांरट जारी कर दिया गया है। डांस का कार्यक्रम रद्द करने व टिकट का पैसा भी वापस न करने के मामले में गैर हाजिर रहने पर अदालत ने यह वारंट जारी किया है। एसीजेएम शांतनु त्यागी ने अगली सुनवाई 30 सितंबर तय की है। दरअसल, बीते 10 मई को अभियुक्ता सपना चौधरी ने इस मामले में आत्मसमर्पण करते हुए अंतरिम जमानत की गुहार लगाई थी। अदालत ने अंतरिम जमानत मंजूर कर ली थी। आठ जून को सपना की नियमित जमानत अर्जी भी सशर्त मंजूर हुई थी। सोमवार को इस मामले में सपना समेत अन्य अभियुक्तों पर आरोप तय करने के मसले पर सुनवाई थी, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं। जिस पर वारंट जारी करने का आदेश दे दिया गया।
बता दें कि राजधानी लखनऊ में 13 अक्टूबर, 2018 को स्मृति उपवन में सपना समेत अन्य कलाकारों का कार्यक्रम था। इसके लिए प्रति व्यक्ति तीन सौ रुपये में आनलाइन व आफलाइन टिकट बेचा गया था। कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटी लेकिन रात 10 बजे तक भी सपना चौधरी नहीं आईं। इस पर लोगों ने हंगामा किया था। बावजूद इसके टिकट धारकों का पैसा वापस नहीं किया गया। 14 अक्टूबर, 2018 को इस मामले की नामजद एफआइआर दारोगा फिरोज खान ने थाना आशियाना में दर्ज कराई थी।

सपना की तरफ से हाजिरी माफी की अर्जी भी नहीं दी गई, जबकि अन्य अभियुक्तों की ओर से हाजिरी माफी की अर्जी दी गई थी। एक मई, 2019 को इस मामले में सपना चौधरी के खिलाफ किसी व्यक्ति के विश्वास का हनन व धोखाधड़ी करने के मामले में आरोप पत्र दाखिल हुआ था। वहीं, 20 जनवरी, 2019 को इस कार्यक्रम के आयोजक जुनैद अहमद, इवाद अली, अमित पांडेय व रत्नाकर उपाध्याय के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
follow us on facebook https://www.facebook.com/groups/480505783445020
follow us on twitter https://twitter.com/home
follow us on you tube https://www.youtube.com/channel/UCQAvrXttAEoWXP6-4ATSxDQ
follow us on website https://firstbytetv.com/